फावड़े से वार कर पड़ोसी बुजुर्ग की हत्या
अहिरौली /कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरी में सोमवार सुबह छह बजे पड़ोसी ने फावड़े से वार कर बुजुर्ग की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के मामले में मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की दुश्मनी से इनकार कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डुमरी निवासी मुरारी शर्मा 65 व वासुदेव शर्मा 70 पड़ोसी थे। रिश्ते में चचेरे भाई थे। सोमवार को सुबह करीब छह बजे वासुदेव दूध लेने जा रहे थे। पड़ोसी मुरारी ने उन्हें नजदीक बुलाया और कुछ बात करने लगा। इसी बीच पास रखा फावड़ा उठाकर उनके सिर पर प्रहार कर दिया। वासुदेव जमीन पर गिर गए। इसके बाद उनके शरीर पर मुरारी ने फावड़े से एक वार किया। जिससे उनकी मौत हो गई। शोर मचा और काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मुरारी शर्मा मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है मुरारी शर्मा का पूरा परिवार दिल्ली में रहता है और वह एक साल से गांव पर अकेला रहता है। मृतक वासुदेव शर्मा की पत्नी लीलावती कैंसर से पीड़ित है तथा उसके तीन पुत्र हैं।वासुदेव सबसे छोटे पुत्र अशोक शर्मा के साथ ही रहता था। घटना की जानकारी पर स्थानीय विधायक मोहन वर्मा भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।

मुरारी शर्मा के खिलाफ मृतक की बहू रीना देवी पत्नी अशोक शर्मा ने हत्या की तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी कसया पीयूष कांत राय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर जानकारी ली।
क्षेत्राधिकारी कसया पीयूषकांत राय ने बताया कि इन दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था मुरारी शर्मा मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जाता है जिसने इस घटना को अंजाम दे दिया।