लोकसभा चुनाव से पहले सपा-बसपा को झटका,20 नपा अध्यक्ष समेत 417 जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल

मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने में निभाएं अहम भूमिका – भूपेंद्र चौधरी प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
हर बूथ पर कमल खिलाना है – केशव प्रसाद मौर्य उपमुख्यमंत्री
भाजपा में सभी का सम्मान सुरक्षित- ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ /महराजगंज: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने बुधवार को दूसरे दलों के 417 चुने हुए जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इन जनप्रतिनिधियों के साथ 10 हजार से अधिक समर्थक भी भाजपा से जुड़े। ज्वाइनिंग के इस कार्यक्रम से लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी खेमे को भाजपा ने बड़ा झटका दिया है। 20 नगर पालिका अध्यक्ष,24 ब्लाक प्रमुख,33 नगर पंचायत अध्यक्ष,185 जिला पंचायत सदस्य तथा नगर निगमों के 155 पार्षदों ने भाजपा में भरोसा व्यक्त किया है। बुधवार को भाजपा राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में इन सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले जनप्रतिनिधियों में सपा, बसपा,कांग्रेस,आप और अन्य दलों के नेता शामिल हैं।
मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने में निभाएं अहम भूमिका- भूपेंद्र चौधरी
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पार्टी के बढ़ते जनाधार और लोक कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का भाजपा में स्वागत है। उन्होंने भाजपा की योजनाओं व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने की अपील की। विश्वास व्यक्त किया कि पीएम मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में सभी नेता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हर बूथ पर कमल खिलाना है- केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि 100 फीसदी में 60 फीसदी वोट हमारा है, बाकी 40 फीसदी वोट में बंटवारा है और बटवारे में भी हमारा है। हमें हर बूथ पर कमल खिलाना है और भाजपा जिताना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य,महिलाओं की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ काम कर रही है। हमें हर बूथ पर विपक्षी दलों की जमानत जब्त कराने पर काम करना है।
भाजपा में सभी का सम्मान सुरक्षित- ब्रजेश पाठक
उपमुख्मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा परिवार निरन्तर बढ़ रहा है। भाजपा ही एकमात्र दल है जिसमें कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद पर पहुंच सकता है। हम सभी को साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाने का काम करना है। भाजपा में सभी का सम्मान सुनिश्चित है।