600 दुकानदारों को नोटिस, मलदहिया मार्केट की दो दुकानें सील

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। नगर निगम ने बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व वसूली अभियान को और तेज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने जहां एक साथ 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किया, वहीं मलदहिया मार्केट की दो दुकानों को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लंबे समय से बकाया किराया न जमा करने वालों पर गिरी गाज
नगर निगम क्षेत्र में निगम की लगभग 1800 दुकानें संचालित हैं। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि दुकानदारों को कई बार किराया व टैक्स जमा करने के लिए नोटिस दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। इसी के चलते अब सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।
86 हजार रुपये बकाया पर दुकानों पर लगे ताले
नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने मलदहिया मार्केट में सीलिंग की कार्रवाई की। दुकान संख्या 48, जो सूर्यकांत देवी के नाम आवंटित है, पर 28,870 रुपये का बकाया पाए जाने पर ताला जड़ा गया। वहीं दुकान संख्या 24 पर 57,775 रुपये के बकाया के चलते सीलिंग की कार्रवाई की गई। कुल मिलाकर लगभग 86 हजार रुपये की वसूली के लिए यह कदम उठाया गया।
तीन साल में पौने पांच गुना बढ़ी किराया वसूली
नगर निगम की सख्ती का असर राजस्व वसूली पर साफ नजर आने लगा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां दुकानों के किराए से मात्र 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 3.80 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। इस तरह बीते तीन वर्षों में किराया वसूली में करीब 4.75 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अन्य इलाकों में भी चलेगा सीलिंग अभियान
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो शहर के अन्य बाजारों और क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य राजस्व वसूली को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।
विजन अकैडमी महाराजगंज



