एकसड़वा में शटर उठाकर चोरों ने दो जन सेवा केन्द्रों पर किया हाथ साफ, लाखों की चोरी का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस चौकी से 100 मीटर दूरी पर वारदात होने से मची हड़कंप
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज : जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र स्थित जोगियाबारी पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एकसड़वा चौराहे से बीती रात चोरों ने दो जन सेवा केंद्रों का शटर उठा कर लाखों रुपए की चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को आधार मान कर घटना का पर्दाफाश करने में जुट गई है। जब कि पुलिस चौकी के नाक के नीचे दो-दो वारदात होने से दुकानदार सदमे में हैं। साथ ही पुलिस के गश्त की यह घटना पोल खोलते हुए जोगियाबारी पुलिस चौकी पर कई तरह के सवाल खड़ा करती दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा चौराहे पर स्थित राम जानकी शिव मंदिर से सटे कटरे में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र है। जिसके संचालक उमेश प्रसाद ने बताया गुरुवार शाम को वह केंद्र बंद कर के घर चले गए। सुबह करीब 9 बजे जब केंद्र खोलने आए तो देखा सटर उठा हुआ है। जिससे उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर कैस बॉक्स देखा तो वो खुला हुआ था। उमेश के मुताबिक कैश बॉक्स में रक्खा हुआ एक लाख 74 हजार 800 रूपए गायब है । जबकि अन्य समान को चोरों ने छोड़ दिया है।
उसी के ठीक सामने दूसरे जन सेवा केंद्र में भी चोरों ने हाथ साफ किया। उस के संचालक अक्षय कुमार ने बताया उसके सेवा केन्द्र से चोरों को ज्यादा कैश नही मिला। उक्त दुकान मालिक के मुताबिक तीन हजार से चार हजार चोरी की बात कही जा रही है। एक ही रात में चौकी से सटे दो दुकानों में चोरी की घटना होने से चौराहे के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों के मन ये सवाल खड़ी हो रही है की जब चौकी से सटे ही दुकानों पर चोरी हो जा रही है तो क्या चौकी की पुलिस गश्त कर रही है या आराम फरमा रही है। फिलहाल घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। समाचार लिखे जानें तक जन सेवा केन्द्र के संचालक उमेश ने स्थानीय थाने पर तहरीर दी है।
इस सम्बंध में कोल्हुई थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौड़ ने बताया सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही चोर पुलिस के गिरफ्त में होंगे।