नेपाल के इस मंदिर में भी 22 जनवरी को विराजेंगे प्रभु श्रीराम, नगर में मांस-मदिरा बैन

उमेश चन्द्र त्रिपाठी
रक्सौल- अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर है। इसको लेकर पूरे देश में उत्साह है साथ ही भारत के पड़ोसी देशों में भी भगवान राम और अयोध्या धाम को लेकर लोगों की आस्था चरम पर है। नेपाल के वीरगंज में भी तैयारियां चल रही हैं। वीरगंज के राम जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम आएंगे। नेपाल के इस मंदिर में भी 22 जनवरी को अयोध्या की तर्ज पर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम रखा गया है।
इतना ही नहीं नेपाली प्रशासन की ओर से वध, शराब के साथ ही मांस-मछली के बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वीरगंज महानगर पालिका के प्रमुख प्रशासकीय अधिकारी अरविंद लाल कर्ण ने इसको लेकर एक आदेश भी जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि मित्र राष्ट्र भारत के अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर उसी दिन राम जानकी मंदिर में भगवान राम की मूर्ति स्थापित करने का कार्यक्रम है, जो वीरगंज के हृदय के रूप में जाना जाता है।
इस इलाके में जानवरों का वध, शराब, मछली और मांस आदि की बिक्री और वितरण को प्रतिबंधित किया जाता है। इस नोटिस का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वीरगंज शहर के बीचों बीच रहे श्रीराम मन्दिर पर पिछले कई दशकों से गैर कानूनी अतिक्रमण किया गया था। वहां के स्थानीय सांसद प्रदीप यादव के प्रयास से पहले तो इस पुराने मंदिर से गैर कानूनी कब्जा हटाया गया और अब मंदिर का जीर्णोद्धार कर वहां भगवान राम और माता सीता की मूर्ति स्थापित की गई है।
वीरगंज के युवा सांसद प्रदीप यादव ने बताया कि अयोध्या में होने जा रहे भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन 22 जनवरी ही वीरगंज के इस राम मन्दिर में राम सीता की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक दिन पर वीरगंज नगरवासियों की तरफ से भगवान श्रीराम के प्रति यह एक छोटा सा भक्ति समर्पण होगा। मंदिर का जीर्णोद्धार बीरगंज महानगरपालिका के तरफ से किया गया है। मेयर राजेश मान सिंह की देखरेख में ही मंदिर की सजावट और मूर्ति स्थापना की तैयारी की जा रही है।