नेपाल में बंधक बनाए गए 11 भारतीयों को नेपाल पुलिस ने कराया मुक्त,गिरोह ने की लाखों की ठगी

घटना में शामिल सात आरोपी भी गिरफ्तार – काठमांडू पुलिस
दिल्ली और हरियाणा के निवासी हैं मुक्त हुए 11 भारतीय नागरिक
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आज काठमांडू पुलिस देगी मामले की विस्तृत जानकारी
मनोज कुमार त्रिपाठी/ उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू: नेपाल पुलिस ने अमेरिका जा रहे 11 भारतीयों को एक गिरोह के चंगुल से छुड़ा लिया है। इन सभी को काठमांडू में एक गिरोह ने बंधक बना लिया था। नेपाल पुलिस ने बुधवार को बताया कि उन्होंने रातोपुल इलाके में एक घर पर छापा मारा और पिछले एक महीने से अज्ञात गिरोह द्वारा बंधक बनाए गए 11 भारतीय नागरिकों को छुड़ाया। नेपाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को बताया कि अज्ञात गिरोह ने प्रत्येक भारतीय नागरिक से मोटी रकम ली और बाद में उन्हें अमेरिका भेजने के बहाने नेपाल लाया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में शामिल सात लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि प्रत्येक व्यक्ति ने रैकेट चलाने वालों को 45 लाख भारतीय रुपये का भुगतान किया था, जिन्होंने उन्हें अमेरिका भेजने का वादा किया था। काठमांडू पुलिस आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और घटना के बारे में विवरण साझा करेगी। अधिकारियों ने बताया कि रैकेट चलाने वाले उन्हें नेपाल के रास्ते अमेरिका भेजने की कोशिश कर रहे थे।
दिल्ली और हरियाणा के हैं लोग
अधिकारियों ने कहा कि जांच करने पर हमें पता चला कि घर में कुछ लोगों को बंधक बना लिया गया था। उनमें से अधिकांश दिल्ली और हरियाणा के निवासी हैं। इन 11 लोगों को काठमांडू के बाहरी इलाके रातोपुल इलाके में एक महीने से अधिक समय तक किराए के घर में बंधक बनाकर रखा गया था।
सूत्र ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए काठमांडू जिला पुलिस रेंज से भेजी गई पुलिस की एक विशेष टीम ने अभियान को अंजाम दिया।