नए साल पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: अयोध्या, काशी और मथुरा में रिकॉर्ड तोड़ भीड़, प्रशासन ने की बड़ी अपील

वाराणसी/अयोध्या/मथुरा 30 दिसंबर:नए साल के स्वागत और धार्मिक आस्था के संगम ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अयोध्या में प्रभु श्री राम, काशी में बाबा विश्वनाथ और मथुरा-वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा है। स्थिति यह है कि दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर लंबी कतारों में लगकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

काशी और अयोध्या: 2 किलोमीटर लंबी कतारें
धर्मनगरी अयोध्या और वाराणसी में श्रद्धा का अनूठा दृश्य देखने को मिल रहा है। रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या में भक्तों का तांता लगा हुआ है, वहीं काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के जलाभिषेक के लिए करीब 2-2 किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। काशी विश्वनाथ धाम में भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया बढ़ा दिए गए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह व्यवस्थाओं पर भारी पड़ता दिख रहा है।
वृंदावन में ‘महाकुंभ’ जैसे हालात, प्रशासन ने जोड़े हाथ
सबसे चुनौतीपूर्ण स्थिति कान्हा की नगरी वृंदावन में बनी हुई है। बांके बिहारी मंदिर के आसपास के गलियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। भीड़ का दबाव इतना अधिक है कि पुलिस और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।



