वाराणसी कफ सिरप कांड में बड़ा खुलासा, हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
वाराणसी। वाराणसी में चर्चित कफ सिरप मामले से जुड़ी जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कफ सिरप सिंडिकेट के कथित सरगना शुभम जायसवाल से जुड़े पाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क न सिर्फ अवैध दवाओं की सप्लाई से जुड़ा था, बल्कि इसके जरिए बड़े पैमाने पर हवाला कारोबार भी संचालित किया जा रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार, हवाला का यह नेटवर्क कैश और गोल्ड के माध्यम से संचालित होता था। अवैध रूप से अर्जित धन को 50 से अधिक शेल कंपनियों के खातों में जमा कराया गया, जिनमें करीब 40 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन किए जाने की पुष्टि हुई है। हवाला लेन-देन को छिपाने के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें 10 रुपये के नोट और नीला-पीला जैसे संकेतों की डिकोडिंग भी सामने आई है।
जांच एजेंसियों ने बताया कि इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल वर्तमान में दुबई में मौजूद बताया जा रहा है। पुलिस और अन्य एजेंसियां उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही हैं। वहीं, शुभम और उसके परिवार की करीब 38 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। इस खुलासे के बाद कफ सिरप कांड ने अब अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क का रूप ले लिया है।



