
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज की। उन्हें कुल 452 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस चुनाव में 754 वोट वैध पाए गए, जबकि 15 वोट अवैध घोषित किए गए। स्पष्ट बहुमत से मिली इस जीत के साथ सीपी राधाकृष्णन भारत के नए उपराष्ट्रपति होंगे।
राजनीतिक सफर
सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु की राजनीति में एक पहचाना नाम रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और कोयंबटूर से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। संगठनात्मक क्षमता और सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए वे जाने जाते हैं। राधाकृष्णन ने लंबे समय तक दक्षिण भारत में भाजपा को मज़बूत करने का कार्य किया।
प्रशासनिक अनुभव
सांसद रहने के अलावा उन्हें कूटनीतिक और प्रशासनिक अनुभव भी है। उन्होंने 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। अपनी नियुक्ति से पहले, उन्होंने लगभग डेढ़ वर्ष तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। झारखंड के राज्यपाल के रूप में, राधाकृष्णन को भारत के राष्ट्रपति द्वारा तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालने के लिए नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल के दौरान शिक्षा, सामाजिक कल्याण और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया।
उपराष्ट्रपति पद तक का सफर
एनडीए ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाकर दक्षिण भारत से एक मज़बूत संदेश देने की कोशिश की थी। पार्टी का यह दांव सफल रहा और राधाकृष्णन ने विपक्षी उम्मीदवार को पीछे छोड़ते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।