थाने में पत्रकारों को बाइट लेने से रोका, कोतवाल बोले ‘यहाँ सिर्फ जांच होगी, बाइट नहीं’

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
बरेली / महाराजगंज। बरेली का सुभाष नगर थाना रविवार को उस वक्त चर्चा का विषय बन गया जब घरेलू विवाद में एफआईआर दर्ज कराने पहुँचे एक डॉक्टर से पत्रकारों ने थाने परिसर में बाइट लेने की कोशिश की। इस पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने पत्रकारों को रोकते हुए कहा “थाना मीडिया बाइट लेने की जगह नहीं है, यहाँ केवल जांच-पड़ताल होगी, बाइट नहीं।”
जानकारी के अनुसार, 61 वर्षीय एक निजी डॉक्टर ने अपनी 57 वर्षीय पत्नी पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाते हुए थाना सुभाष नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। डॉक्टर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय पत्रकार डॉक्टर का बयान लेने के लिए थाने पहुँच गए।
थाना परिसर में कैमरे और माइक देखकर कोतवाल जितेंद्र कुमार ने तत्काल हस्तक्षेप किया और पत्रकारों को थाने के अंदर बाइट न लेने की हिदायत दी। उनका कहना था कि थाने की अपनी मर्यादा होती है, यहाँ किसी भी पक्ष की मीडिया बाइट नहीं दी जा सकती।
घटना के बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कुछ लोग कोतवाल के कदम को थाने की गरिमा बनाए रखने वाला बता रहे हैं, तो कुछ इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता में दखल मान रहे हैं।
#Bareilly #UttarPradesh #PoliceStation #Journalism #ViralVideo #SubhashNagar #KotwalJitendraKumar #HarshodayTimes



