गोरखपुर

होटल में महिला से दुर्व्यवहार की कोशिश, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर मुकदमा दर्ज


वाराणसी की महिला ने पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी लगाया आरोप

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो गोरखपुर

गोरखपुर। कैंट इलाके के एक होटल में वाराणसी निवासी महिला से दुष्कर्म की कोशिश के मामले ने सनसनी फैला दी है। इस प्रकरण में पुलिस ने सरदारनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख ईश्वर चंद जायसवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता का आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने होटल में बुलाकर न केवल उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया, बल्कि विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकाया भी। महिला ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह 27 से 29 अक्टूबर के बीच गोरखपुर आई थी और अपने देवर व देवरानी के साथ होटल में ठहरी थी।

घटना 28 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। महिला का कहना है कि जब उसके परिजन होटल से बाहर गए हुए थे, तभी आरोपी होटल पहुंचा और कमरे में जबरन घुसकर अशोभनीय हरकतें करने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। डर और शर्म के कारण महिला ने तत्काल शिकायत नहीं की, लेकिन वाराणसी लौटने के बाद परिजनों से बात करने के उपरांत उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ईश्वर चंद जायसवाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह सब राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है। उनका कहना है कि परिवारिक विवाद के कारण झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और होटल से सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}