वाराणसी में सेंट्रल बार एसोसिएशन चुनाव सम्पन्न, 70.02% मतदान

वाराणसी। सेंट्रल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव–2026 शनिवार को एल्डर्स कमेटी की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। कुल 7,636 मतदाताओं में से 5,347 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 70.02 रहा। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला। प्रारंभिक घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन समय बीतने के साथ इसमें तेजी आई।
चुनाव के लिए मतपत्र वितरण हेतु 17 टेबल तथा मतदान के लिए कुल 95 बूथ बनाए गए थे। पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए 60 सहायक चुनाव अधिकारियों की तैनाती की गई थी। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव के अनुसार इस बार 20 पदों के लिए कुल 77 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतगणना रविवार सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
कचहरी परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान स्थल के आसपास बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहा, बावजूद इसके प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ के कारण कई स्थानों पर आवागमन बाधित हुआ। गलियारों में अव्यवस्था से वरिष्ठ अधिवक्ताओं और मतदाताओं को बूथ तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ अधिवक्ताओं को सीओपी कार्ड न होने के कारण मतदान से वंचित रहना पड़ा।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में वरिष्ठ समिति सदस्यों विजय शंकर रस्तोगी, अशोक कुमार सिंह ‘प्रिंस’, महफूज आलम, मोहन यादव सहित सहयोगी अजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार सिंह, अशोक राय, अश्विनी गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, विनोद कुमार सिंह और रावे मोहन त्रिपाठी की अहम भूमिका रही। सफलतापूर्वक चुनाव सम्पन्न होने पर उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।



