मोइनाबाद फॉरेस्ट चौकी पर मारपीट का वीडियो वायरल, वनरक्षक निलंबित

गोरखपुर। मोइनाबाद फॉरेस्ट चौकी से जुड़ा एक मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में चौकी पर तैनात कुछ कर्मियों द्वारा एक युवक के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) विकास यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्या को निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में युवक को जबरन चौकी परिसर में ले जाते हुए और उसके साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित युवक की पहचान जंगल बब्बन के टोला पोखरहवा निवासी दिनेश निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में चौकी के पास लघुशंका कर रहा था, जिस पर कर्मियों ने आपत्ति जताई। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्या सहित अन्य कर्मियों ने युवक को सड़क पर गिराकर लात-डंडों से पीटा। वीडियो में कई लोग युवक को पकड़कर मारते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अमर उजाला द्वारा नहीं की गई है।
डीएफओ विकास यादव ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के तुरंत बाद संबंधित फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही अन्य कर्मियों की भूमिका की जांच के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



