बीडीए की बड़ी कार्रवाई, बजरडीहा देवपोखरी नूरनगर में अवैध निर्माण सील

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। बजरडीहा देवपोखरी नूरनगर क्षेत्र में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को सील कर दिया। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद की गई है।

सूत्रों के अनुसार अक्तर जमाल पुत्र हाजी अकरू द्वारा बजरडीहा देवपोखरी नूरनगर क्षेत्र में बिना अनुमति अवैध निर्माण कराया जा रहा था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान सड़क की लगभग तीन से चार फीट जमीन पर दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा किया गया, जिससे रास्ता संकर हो गया था और आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद वीडीए के जेई एवं सुपरवाइजर रंजीत सिंह मौके पर पहुंचे और तत्काल निर्माण कार्य को रुकवाया। सुपरवाइजर रंजीत सिंह ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता को ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया था और स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना अनुमति निर्माण कार्य न किया जाए।
इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर वीडीए ने सख्त रुख अपनाते हुए दिनांक 14 जनवरी 2026 को अवैध निर्माण को सील कर दिया। सुपरवाइजर का कहना है कि ऑनलाइन नोटिस के बाद भी नियमों की अनदेखी की गई, जिसके चलते विभाग को यह कठोर कार्रवाई करनी पड़ी।
वीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



