बहराइच में फर्जी IAS बनकर नेपाल जाने की कोशिश, लाल–नीली बत्ती लगी इनोवा के साथ 5 गिरफ्तार

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में इंडो–नेपाल सीमा पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लाल–नीली बत्ती और हूटर लगी इनोवा कार से नेपाल जा रहे पांच लोगों को जब रुपईडीहा बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने रोका, तो उनमें से एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताया। यह सुनते ही मौके पर खलबली मच गई, लेकिन SSB जवानों को शक हुआ और उन्होंने गहन पूछताछ शुरू की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि युवक कोई IAS अधिकारी नहीं, बल्कि झूठ बोलकर बॉर्डर पार करने की कोशिश कर रहा था।
जांच के दौरान इनोवा कार के कागजात चेक किए गए, जो आरोपी की पत्नी के नाम पर पंजीकृत पाए गए। आगे पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नेपाल में संचालित कसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे। SSB की सूचना पर रुपईडीहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की।
मुख्य आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी धर्मेंद्र सिंह के रूप में हुई है। उसके साथ शुभम बाजपेई, अनमोल सिंह, संचित सिंह और स्वप्नल सहाय भी मौजूद थे। धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि रौब जमाने और आसानी से बॉर्डर पार करने के लिए उसने खुद को IAS अधिकारी बताया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह और उसके साथी नेपाल के कसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे।
पुलिस ने इनोवा कार को सीज कर दिया है और पांचों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इंडो–नेपाल सीमा पर इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। रुपईडीहा बॉर्डर से प्रतिदिन सैकड़ों लोग नेपाल जाते हैं, जहां कसीनो में जुआ खेलने के लिए भारतीय नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। प्रशासन ने सीमा पर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं।



