उत्तर प्रदेशदेवरिया

प्लॉटिंग विवाद में गूंजी गोलियों की आवाज, धूस देवरिया चौराहे पर दहशत



हवाई फायरिंग के बाद मौके से फरार हुए दोनों पक्ष, तीन नामजद समेत 25 पर मुकदमा दर्ज


देवरिया। धूस देवरिया चौराहे पर शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब प्लॉटिंग की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान अचानक हवाई फायरिंग हो गई। तीन राउंड गोली चलने की आवाज से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय दुकानदारों में दहशत फैल गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे प्लॉटिंग स्थल पर पहुंचे कुछ लोगों ने काम रुकवाने और पहले से बने प्लॉटों के रुपये को लेकर आपत्ति जतानी शुरू कर दी। बहस देखते ही देखते तनाव में बदल गई और इसी बीच किसी ने हवाई फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।


घटना के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने वाहनों से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बघौचघाट पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।


पुलिस के मुताबिक, उक्त जमीन पर करीब दो साल पहले प्लॉटिंग का कार्य शुरू हुआ था, जिसमें करोड़ों रुपये का निवेश बताया जा रहा है। बाद में कानूनी अड़चन के चलते काम रुक गया। हाल के दिनों में जमीन को लेकर फिर से विवाद गहराने की बात सामने आ रही है।


इस मामले में पुलिस ने देव मणि त्रिपाठी, भोला तिवारी और सिंटू शाही को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी बघौचघाट अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि फायरिंग और रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद की गहन जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}