समाज का कल्याण ही सच्चे विकास का मार्ग : डॉ. निशांत त्रिपाठी

सुनील मणि त्रिपाठी (धानी बाजार)
महराजगंज: नववर्ष के अवसर पर धानी बाजार स्थित दुर्गापुर अदरौना अपने निज आवास पर आयोजित सहभोज कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. निशांत त्रिपाठी ने कहा कि समाज का कल्याण ही सच्चे विकास का मार्ग है। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर सामाजिक जागरूकता पर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. निशांत त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समानता, सामाजिक कुरीतियों का अंत, फिजूलखर्ची व दिखावे पर अंकुश तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लोगों को जागरूक करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। वर्तमान समाज भटकाव की स्थिति में है, ऐसे में सकारात्मक बदलाव के माध्यम से ही एक सशक्त और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कार्य किसी एक व्यक्ति के बस का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास से ही संभव है।
उन्होंने बताया कि समाज के उत्थान के लिए मां शोभा संस्थान के माध्यम से निरंतर विभिन्न सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं और इसी संस्था के जरिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। गांव व प्रदेश के समग्र विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई वरिष्ठ ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। अंत में डॉ. निशांत त्रिपाठी ने सहभोज कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



