23 जनवरी को पुलिस लाइन क्षेत्र में होगा ब्लैक आउट अभ्यास, 10 मिनट रहेगा पूर्ण प्रकाश प्रतिबंध

महराजगंज। आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जनपद में ब्लैक आउट अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि दिनांक 23 जनवरी 2026 को सायं 06:00 बजे से 06:10 बजे तक पुलिस लाइन परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश प्रतिबंध (ब्लैक आउट एक्सरसाइज) लागू किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, आवासों, सड़कों एवं आम जनता की सुरक्षा के लिए बिजली बंद रखने की प्रक्रिया को ब्लैक आउट कहा जाता है। इसी के दृष्टिगत सिविल डिफेंस से संबंधित आवश्यक अभ्यास एवं बचाव विधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस लाइन क्षेत्र के आसपास स्थित सभी प्रतिष्ठानों, चेम्बरों, कार्यालयों एवं नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में अपने घरों व प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें पूर्णतः बंद रखें, ताकि बाहर किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घरों के भीतर ही रहें और बाहर माचिस, टॉर्च, मोबाइल फ्लैशलाइट आदि का प्रयोग न करें। यदि कहीं से प्रकाश बाहर निकल रहा हो तो काले कागज अथवा अन्य साधनों से उसे ढक दें।
ब्लैक आउट के दौरान नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोग शांति बनाए रखें, दौड़-भाग न करें, धूम्रपान न करें और किसी भी प्रकार की रोशनी का प्रयोग न करें।
उन्होंने बताया कि यह ब्लैक आउट अभ्यास सिविल डिफेंस महराजगंज के वार्डनों की सहायता से सफलतापूर्वक लागू कराया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में युद्ध अथवा हवाई हमले जैसी विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए इस प्रकार के अभ्यासों के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।



