रिहायशी मकान में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस छापे में सेक्स रैकेट का खुलासा

चार युवतियां व एक ग्राहक गिरफ्तार, संचालक दंपति फरार
काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। शहर के रिहायशी इलाके में किराए के मकान की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सेंट्रल जेल रोड स्थित एक कॉलोनी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार युवतियों और एक ग्राहक को मौके से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के समय अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार उक्त मकान से लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। इस रैकेट को पति-पत्नी मिलकर चला रहे थे, जो पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। गिरफ्तार की गई युवतियां पुलिस को देखते ही अपना चेहरा छिपाती नजर आईं। उन्हें थाने ले जाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की मदद ली गई।
पुलिस का कहना है कि फरार दंपति की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही इस रैकेट से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
विजन अकैडमी महाराजगंज



