सीसीटीवी की मदद से खोया बैग बरामद, दर्शनार्थियों ने पुलिस का जताया आभार

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो
वाराणसी। मुंबई से आए दर्शनार्थी आकाश सोनी अपने साथियों के साथ होटल ईराया में ठहरे हुए थे। दर्शन कर वापस होटल लौटते समय उनका एक बैग कहीं खो गया, जिसमें कीमती सामान रखा हुआ था। बैग गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए खोजबीन शुरू की गई।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने खोया हुआ बैग बरामद कर लिया। बैग में एक लैपटॉप, एक आईपैड, दो रिस्ट वॉच, एक पीली धातु की अंगूठी, दो सफेद धातु की अंगूठियां, लैपटॉप व मोबाइल के चार्जर सहित अन्य सामान मौजूद था, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई।
बरामदगी के बाद चौकी प्रभारी सुंदरपुर उप निरीक्षक रामस्वरूप सिंह एवं उनके साथ उप निरीक्षक सिद्धार्थ यादव द्वारा बैग को सकुशल दर्शनार्थी आकाश सोनी व उनके साथियों को सुपुर्द किया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर दर्शनार्थियों ने राहत की सांस ली और चौकी प्रभारी सुंदरपुर व उनकी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



