आगराउत्तर प्रदेश

AI से खुली यमुना एक्सप्रेस-वे पर मिली महिला की लाश की पहचान, लिव-इन पार्टनर ने दिल्ली में की थी हत्या


आगरा। यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे 6 फरवरी को मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। मृतका की पहचान महोबा जनपद निवासी सोनाली के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के लिव-इन पार्टनर सनी को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सनी ने दिल्ली में सोनाली की हत्या की, इसके बाद शव को ब्लैक टेप और कंबल में पैक कर कार से आगरा तक लाया और यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे फेंक दिया। पूछताछ में सनी ने कबूल किया कि उसकी दूसरी गर्लफ्रेंड बन गई थी, इसलिए वह सोनाली से पीछा छुड़ाना चाहता था।


इस मामले की सबसे खास बात यह रही कि आगरा पुलिस ने शव की पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लिया। पुलिस ने शव की तस्वीरों को AI की मदद से इस तरह प्रोसेस किया कि वह जिंदा जैसी दिखाई देने लगी। इसके बाद उस तस्वीर के आधार पर सोशल मीडिया पर सर्च किया गया, जिससे सोनाली का अकाउंट सामने आया।


सोशल मीडिया अकाउंट से मिले सुरागों के आधार पर IP एड्रेस ट्रेस किया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह संभवतः आगरा पुलिस का पहला ऐसा केस है, जिसमें AI तकनीक से शव की पहचान कर हत्या का खुलासा किया गया।


फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}