नौतनवा के शिवपुरी में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्य में अनियमितता का आरोप

एनएमएमएस ऐप पर 8 मास्टर रोल में 74 श्रमिकों की उपस्थिति संदिग्ध, जांच के आदेश
महराजगंज। केंद्र सरकार की प्रमुख रोजगार योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लागू नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) ऐप को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। ताजा मामला नौतनवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवपुरी का है, जहां मनरेगा कार्य में श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर कथित अनियमितता सामने आई है।

जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026, बुधवार को ग्राम पंचायत शिवपुरी में नेवास अली के खेत से परसा मलिक थाना तक कुला खुदाई का कार्य मनरेगा के तहत कराया जा रहा है। इसी दौरान एनएमएमएस ऐप पर दर्ज श्रमिकों की उपस्थिति की जांच में गड़बड़ी की आशंका जताई गई।
बताया जा रहा है कि 8 अलग-अलग मास्टर रोल संख्या – 7479, 7480, 7481, 7482, 7483, 7484, 7528 और 7529 पर अपलोड की गई तस्वीरों में कुछ श्रमिकों के चेहरे समान प्रतीत हो रहे हैं। इन मास्टर रोल में कुल 74 श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज दिखाई गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर वास्तविक मजदूरों की संख्या कम होने के बावजूद फर्जी हाजिरी दर्ज कर भुगतान निकालने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि श्रम आधारित इस महत्वपूर्ण योजना में भी इस प्रकार की अनियमितता होती है, तो इसका सीधा नुकसान गरीब एवं जरूरतमंद मजदूरों को उठाना पड़ेगा।
ग्रामवासियों ने ब्लॉक प्रशासन एवं जिला स्तरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।



