उत्तर प्रदेश

डीडीयू जंक्शन पर 1.75 करोड़ नकदी बरामद, दो संदिग्ध आयकर विभाग के सुपुर्द


पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 1 करोड़ 75 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई शुक्रवार की रात चेकिंग अभियान के दौरान की गई। बरामद नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेलवे में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे श्री एन. कोलंची, पुलिस अधीक्षक रेलवे श्री प्रशांत वर्मा व वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त श्री दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी श्री कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू श्री सुनील कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट डीडीयू श्री प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में संयुक्त टीम सक्रिय थी।
दिनांक 28 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 2:41 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 1 पर आई अकाल तख्त एक्सप्रेस 12318 के कोच ए-1 में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद तीन बैगों से कुल 1,75,00,000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने बरामद धनराशि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सके। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान रितेश पटेल (38 वर्ष) निवासी ठाकुरगंज, लखनऊ तथा प्रिग्नेश (43 वर्ष) निवासी खंभात, जिला आणंद, गुजरात के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक पूछताछ के बाद बरामद नकदी सहित आयकर विभाग, वाराणसी की टीम के सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक स्वतंत्र सिंह, हेड कांस्टेबल मो. असगर, हेड कांस्टेबल अभय नारायण सिंह, कांस्टेबल अनूप कुमार कुशवाहा, संग्राम भूषण सिंह, रणधीर सिंह तथा विजय सिंह सरोज की सक्रिय भूमिका रही। रेलवे पुलिस ने बताया कि स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}