ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत के बाद यूपी में हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी

लखनऊ। इस्राइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई की मौत की खबर के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संभावित अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद गृह विभाग की ओर से जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि शिया बाहुल्य इलाकों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लखनऊ समेत कई जिलों में हो रहे प्रदर्शनों पर पुलिस की पैनी नजर है। खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटा जा सके।
पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों में कहा गया है कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा। हिंसक प्रदर्शन या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
राज्य सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में



