मिठौरा ब्लाक के मोरवन में मनरेगा कार्यों पर अनियमितता का आरोप, एक जैसी तस्वीरों से भरे मास्टर रोल पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने अधिकारियों की मिलीभगत का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मिठौरा ब्लॉक के ग्राम सभा मोरवन में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अलग-अलग तिथियों और कार्यस्थलों के नाम पर तैयार किए गए मास्टर रोल में एक जैसी तस्वीरें अपलोड कर मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्शा दी गई है, जिससे योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार 28 फरवरी और 1 मार्च को रासमनी के खेत से बधेस के खेत तक नाली खुदाई तथा दुबारीक के खेत से रामवृक्ष के खेत होते हुए बलिया पुल तक नाली खुदाई का कार्य दिखाया गया है। दोनों स्थानों पर कुल आठ मास्टर रोल में 66 मजदूरों के काम करने का विवरण दर्ज किया गया है।

बताया गया कि इस कार्य के लिए मास्टर रोल संख्या 8878, 8879, 8880, 8983, 8984, 8985, 8986 और 8987 में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन सभी मास्टर रोल में अपलोड की गई तस्वीरों में कई चेहरे समान दिखाई दे रहे हैं, जिससे कार्य की वास्तविकता संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में यदि इस प्रकार की गड़बड़ियां होती रहीं तो गरीब मजदूरों का हक प्रभावित होगा। उन्होंने ब्लॉक और जिला स्तर के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
इस संबंध में जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही, हालांकि जांच टीम के गठन या समयसीमा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय तकनीकी और वित्तीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित रोजगार सेवक, पंचायत कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



