उत्तर प्रदेशमहराजगंज

भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चनकौली के ग्रामीणों द्वारा जिला मुख्यालय पर दूसरे दिन भी अनशन रहा जारी


ग्राम प्रधान व सचिव पर विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप, जांच व मुकदमे की मांग


महराजगंज जनपद के सिसवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चनकौली में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर दूसरे दिन भी अनशन जारी रखा। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग और फर्जी भुगतान किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस मामले में जिलाधिकारी द्वारा पहले ही जांच के आदेश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक जांच पूरी कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जन सूचना के नाम पर फर्जी बिल प्रस्तुत कर करीब 20 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई है। उनका कहना है कि सूचना उपलब्ध कराने के नाम पर ली गई यह राशि नियमों के विपरीत है और इसे तत्काल वापस कराया जाना चाहिए। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत के कुछ भुगतान प्रधान के बेटे की फर्म के नाम पर कराए गए हैं, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करने, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और जन सूचना के नाम पर लिए गए 20 हजार रुपये वापस कराने की मांग की है। समाजसेवी रामसनेही निषाद समेत कई ग्रामीण अनशन में शामिल हैं। इस दौरान अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}