वाराणसी पुलिस की तत्परता से 2 घंटे में मिला लापता बच्चा, परिजनों ने जताया आभार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। शहर में इन दिनों पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। ताजा मामला चितईपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने लापता हुए 9 वर्षीय बच्चे को महज दो घंटे के भीतर बरामद कर उसके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। पुलिस की इस फुर्ती को देखकर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले की रहने वाली अनीता देवी पत्नी अजय गौड़ बुधवार (11 मार्च 2026) को वाराणसी आई थीं। वह चितईपुर थाना क्षेत्र के मनोरथ पुरी कॉलोनी (लेन नंबर 22) में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ठहरी हुई थीं। दोपहर करीब 12 बजे उनका 9 वर्षीय बेटा बलवंत कुमार खेलते-खेलते अचानक कहीं चला गया और लापता हो गया।
काफी देर तक परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परेशान मां अनीता देवी शाम करीब 7 बजे चितईपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।
वर्तमान चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो गए और पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।



