महराजगंज

सामूहिक विवाह समारोह में 492 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, 20 जोड़ों का हुआ निकाह


पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित हुआ भव्य समारोह


परतावल, महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को परतावल स्थित पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 492 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जिनमें 472 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लिए, जबकि 20 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में शुरू हुईं। मैदान में बनाए गए मंडपों में एक साथ बड़ी संख्या में वर-वधू ने विवाह की रस्में पूरी कीं।


सामूहिक विवाह में विकास खंड परतावल के 63, पनियरा के 55, मिठौरा के 79, घुघली के 57, सिसवा के 53, निचलौल के 66 तथा सदर क्षेत्र के 64 जोड़े शामिल हुए। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों से भी कई जोड़ों ने इस आयोजन में भाग लिया।


समारोह के दौरान प्रशासन की ओर से विवाह से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मंडप, भोजन, बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ों को सरकार की योजना के तहत उपहार और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।


इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी सहारा साबित हो रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}