गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी, मांस के अवशेष फेंकने का आरोप; 14 युवक गिरफ्तार

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध काशी में गंगा नदी की पवित्रता से जुड़ा एक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचगंगा घाट पर सोमवार शाम कुछ युवकों द्वारा नाव पर इफ्तार पार्टी आयोजित करने और मांसाहार के अवशेष गंगा में फेंकने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोप है कि युवकों ने नाव पर बैठकर इफ्तार किया, जिसमें मांसाहारी भोजन भी शामिल था। भोजन के बाद बचे अवशेषों को गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया, जिससे मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। भाजपा काशी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रजत जायसवाल ने मामले में कोतवाली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वाराणसी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गंगा की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



