उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में सनसनीखेज वारदात: संपत्ति विवाद में दबंगों का तांडव, पूरे परिवार पर जानलेवा हमला

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित डीआईजी कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के कई सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग, महिलाएं और कैंसर पीड़िता तक को नहीं बख्शा गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर अचानक घर में घुस आए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में 70 वर्षीय विराज सिंह, विश्वजीत सिंह (35), कैंसर पीड़ित किरण सिंह, शिवा सिंह, ज्योति सिंह, नीलम सिंह और आभा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने कुछ की हालत गंभीर देखते हुए एक घायल को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।


पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे अभिषेक सिंह उर्फ “बड़े” का हाथ है, जो कभी माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।


पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}