स्पा की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

राजातलाब के कचनार क्षेत्र में चल रहा था अवैध रैकेट, संचालक फरार
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी, 22 मार्च। धर्म और संस्कृति की नगरी वाराणसी में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। राजातलाब थाना क्षेत्र के कचनार इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में लंबे समय से चल रहे अनैतिक देह व्यापार का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को एसओजी-2 और राजातलाब थाने की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से तीन युवतियों और दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान सेंटर के अंदर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई
क्षेत्र में बीते दो महीनों से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी थी। लोगों का आरोप था कि एक भवन में बिना किसी बोर्ड या पहचान के स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दबिश दी।
संचालक की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त भवन मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मोहन का है, जिसे किराए पर दिया गया था। इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना जौनपुर निवासी अनिल कुमार बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



