दालमंडी चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन सख्त, 27 मार्च से चलेगा ध्वस्तीकरण अभियान

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र स्थित दालमंडी इलाके में प्रस्तावित चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को पूरे क्षेत्र में मुनादी कराकर भवन स्वामियों को अंतिम सूचना दी गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से बताया गया कि जिन संपत्तियों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वे अपने भवन तत्काल खाली कर दें।
प्रशासन ने साफ किया है कि 27 मार्च से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस अभियान का संचालन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कैंप कार्यालय की निगरानी में किया जा रहा है।
अधिकारियों ने प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और समय रहते अपने भवन खाली कर दें, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही, किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए संबंधित भवन स्वामी चौक थाना स्थित कैंप कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।



