लहरतारा में गैस सिलेंडर विस्फोट से मकान ढहा, दो की मौत, दो झुलसे

काशीनाथ पाण्डेय ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। मण्डुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में विस्फोट हुआ और जर्जर मकान भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, फील्ड यूनिट और बीडीडीएस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे चार लोगों को बाहर निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
इलाज के दौरान ओम कुमार चौधरी (30 वर्ष) और प्रीति (28 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि गिरिजा देवी (60 वर्ष) और अमन कुमार चौधरी (31 वर्ष) झुलस गए हैं। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाना बनाते समय गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जर्जर मकान ढह गया। मौके से दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं, जो घर की मुखिया गिरिजा देवी के नाम पर पंजीकृत बताए जा रहे हैं।
पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।



