शादी वाले घरों को राहत: अब मिलेंगे अधिकतम 8 सिलिंडर, आवेदन के लिए विवाह कार्ड जरूरी

लखनऊ। शादी-ब्याह के सीजन में गैस सिलिंडर की किल्लत से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। अब शादी वाले घरों को जरूरत के अनुसार कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए अधिकतम 8 सिलिंडर देने की व्यवस्था बनाई गई है।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवेदकों को विवाह कार्ड के साथ आवेदन करना होगा। संबंधित गैस एजेंसियों द्वारा आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके तहत महज दो दिनों में लगभग 250 परिवारों ने आवेदन किया है।
अधिकारियों के अनुसार, जिन परिवारों के पास पहले से गैस कनेक्शन नहीं है, उन्हें धरोहर राशि के आधार पर अस्थायी कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, सिलिंडर उपलब्धता और गैस एजेंसी से जुड़ी पूरी जानकारी आवेदकों को मोबाइल के माध्यम से दी जाएगी।
इस पहल से शादी वाले घरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और समारोहों के दौरान गैस की कमी से होने वाली परेशानियों से निजात मिल जाएगी।



