बीएचयू के आईएमएस गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; क्लास चल रही थी, समय रहते छात्रों को निकाला गया

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आईएमएस) परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि गोदाम के ठीक पास मेडिकल की क्लास चल रही थी। आग की लपटें उठते ही छात्रों में दहशत फैल गई, लेकिन प्रशासन और स्टाफ की सतर्कता से सभी छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गोदाम में पेंट, रसायन और गैस सिलेंडर रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग ट्रांसफार्मर के पास लगी थी, जिससे खतरा और बढ़ गया था।
स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी, जिससे आग के फैलाव को नियंत्रित करने में मदद मिली।
फिलहाल दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।



