उत्तर प्रदेशरायबरेली

ग्रामीणों ने प्राविधिक सहायक को चोर समझकर पीटा, महिला गिरफ्तार

रायबरेली जनपद के सलोन क्षेत्र के अतागंज उसरी गांव में शुक्रवार शाम एक सरकारी कर्मचारी को ग्रामीणों ने चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। प्राविधिक सहायक (कृषि) दुर्गेश पांडेय ग्रामीणों को अपनी पहचान बताते रहे, लेकिन भीड़ ने उनकी एक न सुनी।

जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के मनुहार गांव निवासी दुर्गेश पांडेय सलोन विकासखंड में तैनात हैं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह गांव में ई-खसरा पड़ताल का काम कर रहे थे। तभी कुछ ग्रामीण पहुंचे और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। पांडेय ने बताया कि वह कृषि विभाग के कर्मचारी हैं और सरकारी कार्य कर रहे हैं। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझकर दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूसों से पीटा। हमले से बचने के लिए वह एक कमरे में घुस गए, लेकिन भीड़ ने बाहर खींचकर फिर मारपीट की। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और ईंट से हमला करने की भी कोशिश की गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में सलोन कोतवाली प्रभारी राघवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रामीपुर मजरे बरवलिया गांव की गीता देवी और पांच अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान वीडियो के आधार पर की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}