
लाठी-डंडा से पीटने के बाद विजय का गला दबाकर की गई थी हत्या
बेटे ने अपने मौसा-मौसी के विरुद्ध दी तहरीर, पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया
गोरखपुर। महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र के कुआंचाप निवासी विजय निषाद की हत्या उसके साढू गुंजन निषाद ने अपनी पत्नी कौशिल्या देवी के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपितों ने विजय को पहले लाठी-डंडे से पीटा, घायल होने के बाद उसका गला कसकर मार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने, हाथ टूटने के साथ शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। शुक्रवार को विजय के बेटे सोनू निषाद की तहरीर पर कैंपियरगंज पुलिस ने भगवानपुर के टोला अलीगढ़ निवासी गुंजन व कौशिल्या के विरुद्ध केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।
विजय के बेटे सोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता बुधवार की शाम पांच बजे घर से बाइक से निकले थे। देर शाम को उनका फोन आया था कि वह दो लोगों के साथ घर आ रहे हैं। उनका भी भोजन तैयार रखना। इसके बाद उसके पिता का मोबाइल नंबर मिलना बंद हो गया। खोजबीन करते हुए वह रात में रिश्तेदारों के घर आये थे लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। साेनू ने आरोप है कि उसके पिता को आरोपित मौसा-मौसी ने धोखे से घर बुलाया बुलाया था। इसके बाद उनकी हत्या कर शव को जंगल के समीप ले जाकर झाड़ी में फेंक दिया था। इधर, पूछताछ में यह पता चला है कि संबंधों को लेकर दोनों के रिश्तों में विवाद था। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद कैंपियरगंज पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।