भारतीय सीमा से सटे नेपाल के भैरहवा में आज लुंबिनी प्रादेशिक महोत्सव का हुआ भव्य उद्घाटन

स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा/महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज भारतीय सीमा से सटे नेपाल के भैरहवा स्थित अंचलपुर में नेपाल सरकार में केन्द्रीय उद्योग वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्री रमेश रिजाल, संघीय महिला तथा सामान्य प्रशासन मंत्री अनीता देवी शाह, उत्तर प्रदेश के नौतनवां क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर छठवें लुंबिनी प्रादेशिक महोत्सव का विधि-विधान से भव्य उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं और आगे भी मजबूत रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी हर पल हर क्षण नेपाल की खुशहाली और बहबूदी के बारे में सोचते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह भगवान बुद्ध और माता सीता की धरती है। यहा काठमांडू में भगवान पशुपतिनाथ भी विराजमान हैं ऐसे में यहां की करोड़ों करोड़ जनता बहुत भाग्यशाली है। उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से रोटी-बेटी ही नहीं वल्कि खून का रिश्ता है। हमें इसे संजोकर रखना होगा। सीमा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सीमा पर भारतीय क्षेत्र में आइसीपी का निर्माण चल रहा है जो शीघ्र तैयार हो जाएगा। इससे नेपाल को व्यापारिक दृष्टिकोण से काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सोनौली बार्डर के सुंदरीकरण के लिए जिलाधिकारी से वार्ता हुई है पुनः वार्ता कर इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
केन्द्रीय मंत्री रमेश रिजाल ने कहा कि सरकार जनता के हक और हुकूक के लिए इमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने ने कहा कि व्यापार,कृषि और पर्यटन को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी चल रही है ऐसे में इसका असर नेपाल पर भी पड़ा है। इससे उबरने का रास्ता खोजा जा रहा है। वही मंत्री अनीता देवी शाह ने कहा कि लुंबिनी महोत्सव सफल हो इसकी हम कामना करते हैं। इससे पहले उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष दर्पण श्रेष्ठ ने महोत्सव के बारे विस्तृत जानकारी मंत्रियों को दी। उन्होंने बताया कि नेपाल आर्थिक रूप से पूरी तरह पंगु हो चुका है। इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि, व्यापार, पर्यटन और उद्योग पूरी तरह समाप्त होने के कगार पर है। गौतम बुद्ध अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरी तरह बंद है। होटल व्यवसाई अरबों रुपए की लगानी लगाकर परेशान हैं। लुंबिनी प्रदेश के गृह मंत्री संतोष पाण्डेय ने महोत्सव के सफल होने की आयोजन समिति को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच संबंधों का बेहतर निर्वहन करने की जरूरत है तभी विकास का पहिया आगे बढ़ेगा।

भैरहवा नगर पालिका अध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि यहां पर पर्यटन,कृषि, उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नेपाल को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। विशेषकर नेपाल के लुंबिनी, जनकपुर धाम, पशुपति नाथ, मुक्ति नाथ, मनोकामना जैसे धार्मिक स्थलों भारतीय पर्यटकों को विशेष सुविधा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के चलते लाखों की संख्या में नेपाल युवा देश से रोजगार के भारत सहित खाड़ी देशों में जा रहे हैं। इस पर अगर सरकार ने अमल नहीं किया तो देश दशा और खराब होगी।
इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के केन्द्रीय अध्यक्ष राजेंद्र मल्ल, लुंबिनी प्रदेश के गृह मंत्री संतोष पाण्डेय, पूर्व मंत्री हकीकुल्ला खान, लुंबिनी प्रदेश के कृषि तथा भूमि सुधार मंत्री अहीर, माननीय सुमन शर्मा रायमाझी, माननीय देवी प्रसाद चौधरी, भैरहवा नगर की उप प्रमुख उमा अधिकारी, प्रमुख जिलाधिकारी रूपंदेही गणेश आर्याल, चेंबर ऑफ कॉमर्स लुंबिनी प्रदेश अध्यक्ष टंक प्रसाद पोखरेल, नेपाल-भारत मैत्री संघ के जिलाध्यक्ष श्रीचंद गुप्ता,उप शाखा अध्यक्ष पशुपति कांदू, नेपाल-भारत मैत्री संघ के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल, सिद्धार्थ संज्जाल एसोशिएशन रूपंदेही के अध्यक्ष अनिल ज्ञवाली समेत बड़ी संख्या में व्यवसाई, भारत व नेपाल के मीडिया कर्मी, कोषाध्यक्ष संतोष शुक्ला,मौजूद रहे। भारत की तरफ समाजसेवी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दीपक बाबा,नगर पालिका नौतनवां के पूर्व चेयरमैन गुड्डू खान, समाजसेवी नन्दलाल जायसवाल, समाजसेवी सन्नी मद्धेशिया, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नौतनवां संतोष जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार उमेश चन्द्र त्रिपाठी, अरविंद त्रिपाठी, अमित त्रिपाठी मंटू, नेपाल-भारत मैत्री संघ के सह सचिव मनोज कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।
समारोह का सफल संचालन सिद्धार्थ संज्जाल एसोशिएशन की सचिव लक्ष्मी अधिकारी और सचिन रोक्का ने किया।