सरकारी बीज घोटाले पर गिरी गाज, पनियरा बीज भंडार प्रभारी निलंबित

पनियरा/महराजगंज।किसानों के लिए आवंटित सरकारी मूंगफली बीज की अवैध बिक्री के गंभीर मामले में कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए पनियरा ब्लॉक परिसर स्थित राजकीय बीज भंडार के केंद्र प्रभारी विपिन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उप कृषि निदेशक संजीव कुमार द्वारा कराई गई विभागीय जांच में दोष सिद्ध होने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार आरोप है कि केंद्र प्रभारी ने किसानों को वितरित किए जाने वाले करीब 17 बोरी मूंगफली बीज को निजी लाभ के लिए बेचने का प्रयास किया। घटना 13 जनवरी की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब विपिन कुमार बीज की बोरियों को टाली पर लादकर पनियरा ब्लॉक के मुख्य गेट से बाहर निकाल रहे थे।
इसी दौरान हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सतीश सिंह ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी और कृषि उपनिदेशक को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामला उजागर होने और खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में केंद्र प्रभारी एवं प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) विपिन कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। इसके बाद उप कृषि निदेशक संजीव कुमार ने निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि किसानों के हक के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभाग किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



