शिक्षा के मंदिर में फिर सेंध: प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर खास में चौथी बार चोरी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर खास एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय के रसोईघर का दरवाजा तोड़कर मध्यान्ह भोजन में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बड़े-छोटे भगोने, पलटा, करछुल सहित अन्य आवश्यक सामग्री चोरी कर ली।
घटना का खुलासा शनिवार सुबह तब हुआ, जब विद्यालय खुलने पर शिक्षकों ने रसोईघर का टूटा दरवाजा और अंदर बिखरा सामान देखा। रसोईघर पूरी तरह खाली मिला, जिससे विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि इस विद्यालय में चोरी की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से न केवल विद्यालय प्रशासन चिंतित है, बल्कि मध्यान्ह भोजन योजना भी प्रभावित हो रही है। भोजन व्यवस्था बाधित होने से बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा के केंद्रों पर इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि वर्मा ने चौकी प्रभारी सिसवा मुंशी को लिखित तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा तेजी से उठाया जा रहा है और लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर विद्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।



