महाशिवरात्रि स्नान के साथ संपन्न हुआ ऐतिहासिक माघ मेला 2026, 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

माघ मेला 2026, प्रयागराज
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित 44 दिवसीय माघ मेले का भव्य समापन महाशिवरात्रि के पावन स्नान के साथ संपन्न हो गया। वर्ष 2026 का यह माघ मेला अभूतपूर्व भीड़ और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के लिए इतिहास में दर्ज हो गया है।
मेला प्रशासन के दावे के अनुसार, 44 दिनों तक चले इस विशाल धार्मिक आयोजन में कुल 22 करोड़ 10 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। यह आंकड़ा न केवल माघ मेले के इतिहास में नया रिकॉर्ड है, बल्कि पूर्व कुंभ आयोजनों के कई पुराने कीर्तिमानों को भी पीछे छोड़ने वाला बताया जा रहा है।
महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व पर संगम तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘गंगे मैया की जय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक व्यवस्था के चलते विशाल भीड़ के बावजूद आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
माघ मेला 2026 ने एक बार फिर आस्था, परंपरा और उत्कृष्ट प्रशासनिक समन्वय का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।



