वाराणसी में महाशिवरात्रि पर धूमधाम से निकली शिवबारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा चितईपुर क्षेत्र

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वाराणसी में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम होते ही र्कमदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से चितईपुर तक शिवबारात भव्य रूप से निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस बारात ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
शिवबारात के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से कंदवा और आसपास का इलाका गूंज उठा। पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्ति में सराबोर नजर आए।
यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंडुवाडीह पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। चितईपुर चौराहे पर शिवबारात के गुजरने के समय कुछ देर के लिए दोनों ओर का यातायात रोका गया, जिससे जुलूस शांतिपूर्वक आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर हंसराज विश्वकर्मा (जिलाध्यक्ष, वाराणसी), डब्लू राय (एमएलसी प्रत्याशी) एवं राजेश विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य और सम्मानित लोग मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
महाशिवरात्रि की इस भव्य शिवबारात ने एक बार फिर काशी की धार्मिक परंपरा और आस्था की जीवंत झलक प्रस्तुत की।



