परतावल की तीन ग्राम पंचायतों पर राज्य कर विभाग की नजर, जीएसटी व टीडीएस गड़बड़ी में नोटिस जारी

महराजगंज जिले के विकास खंड परतावल की तीन ग्राम पंचायतों ,कम्हरिया खुर्द, पिपरा लाला और रामपुर चकिया में कर संबंधी अनियमितताओं की आशंका पर राज्य कर विभाग ने शिकंजा कस दिया है। कार्यालय उपायुक्त राज्य कर, खंड-1 महराजगंज की ओर से 12 फरवरी 2026 को जारी नोटिस में संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों से वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की सामग्री खरीद और भुगतान का पूरा ब्योरा मांगा गया है। यह कार्रवाई जीएसटी व्यवस्था के तहत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की जा रही है।
शिकायत में आरोप है कि परफॉर्मेंस ग्रांट योजना के अंतर्गत सामग्री भुगतान के दौरान 4 प्रतिशत टीडीएस (2 प्रतिशत आयकर, 1 प्रतिशत सीजीएसटी व 1 प्रतिशत एसजीएसटी) की कटौती तो की गई, लेकिन उसे सरकारी खाते में जमा नहीं कराया गया। साथ ही जीएसटीआर-7 रिटर्न भी दाखिल नहीं किए गए। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में भी इसी प्रकार की अनियमितता सामने आई है, जिसे गंभीर वित्तीय चूक माना जा रहा है।
उपायुक्त कार्यालय ने ग्राम सभाओं से संबंधित वर्षों में भुगतान प्राप्त करने वाली फर्मों का नाम-पता, जीएसटी नंबर, भुगतान राशि और बिलों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधान के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा सकती है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



