स्कूल में अनुपस्थिति पर घिरीं प्रधानाध्यापिका, मीडिया रिपोर्ट पर भड़कीं , बोलीं “किस अधिकार से की रिपोर्टिंग?”

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज।: परतावल विकास खंड के कोटवा प्राथमिक विद्यालय में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक मीडिया टीम की ग्राउंड रियलिटी जांच में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह अनुपस्थित पाई गईं। खबर प्रसारित होने के बाद प्रधानाध्यापिका ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए न केवल सफाई दी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की कई खामियों को भी उजागर किया।
प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह ने कहा कि वह गोरखपुर से नियमित रूप से समय पर विद्यालय आती हैं और जिस समय मीडिया पहुंची, उस दौरान वह बच्चों के न्यूट्रिशन से जुड़े कार्य में व्यस्त थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि मीडिया को आखिर किस अधिकार से विद्यालय परिसर में प्रवेश कर रिपोर्टिंग करने की अनुमति मिली।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि वहां नामांकन तो 80 बच्चों का है, लेकिन उपस्थिति बेहद कम रहती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी कर्मियों के देर से आने पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि प्राथमिक विद्यालयों पर सख्ती दिखाई जाती है।
निजी विद्यालयों और मदरसों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि परतावल ब्लॉक में कई निजी स्कूल नियमों के विपरीत संचालित हो रहे हैं और सरकारी स्कूलों से बच्चों का नामांकन अपने यहां कर रहे हैं। इसके अलावा शिक्षकों को जनगणना जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।
इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



