81 लाख की ठगी, अपहरण व हत्या की धमकी: अधिवक्ता ने दर्ज कराई FIR

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। शहर में एक अधिवक्ता के साथ करोड़ों की ठगी, अपहरण की धमकी और फिरौती मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। चितईपुर थाना क्षेत्र निवासी अधिवक्ता रविशंकर पटेल ने पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक संगठित गिरोह ने उन्हें झांसा देकर 81 लाख रुपये हड़प लिए और अब जान से मारने की धमकी देकर हर माह एक लाख रुपये की फिरौती मांग रहा है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी आरिफ अहमद उर्फ मोनू निवासी कुसहा चुनार (मिर्जापुर) हाल पता आदमपुर वाराणसी, उसके भाई मोहम्मद अहमद, सकील और परवेज कादिर खान ने मिलकर उन्हें चितईपुर क्षेत्र स्थित जमीन दिखाकर सौदा कराया। इस दौरान प्रार्थी ने अपनी जमीन बेचकर तथा मकान पर लोन लेकर करीब 14 लाख रुपये नगद और 67 लाख रुपये बैंक के माध्यम से आरोपियों को दिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने, अपहरण करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। साथ ही हर माह एक लाख रुपये फिरौती देने का दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताते हुए पुलिस व प्रशासन से बचने की बात कहते हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के रूप में उपनिरीक्षक रवि चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



