उत्तर प्रदेशमहराजगंज

परतावल में बदहाल नाली व्यवस्था पर फूटा गुस्सा, लोगों ने किया जोरदार प्रदर्शन


घटिया निर्माण से डेढ़ साल में टूटी नाली, जलभराव और दुर्घटना का बढ़ा खतरा


परतावल / महराजगंज । नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 8 स्थित क्षत्रपति शिवाजी नगर मेहाबार में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज नागरिकों ने टूटी नाली, जल निकासी की समस्या और बिजली पोल न लगने के विरोध में प्रदर्शन किया।


मोहल्ले में बनी नाली के क्षतिग्रस्त होने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। हालत यह है कि जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन बच्चों के गिरकर चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण वह समय से पहले ही ध्वस्त हो गई।


प्रदर्शन में शामिल अच्छेलाल और रजनी राजभर ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बरसात के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जब पानी घरों के दरवाजे तक पहुंच जाता है।


लोगों ने मोहल्ले के पोखरे की दुर्दशा पर भी चिंता जताई और उसकी खुदाई कराने की मांग की, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। इसके साथ ही कई स्थानों पर बिजली के पोल न होने से भी लोगों में नाराजगी देखी गई।


प्रदर्शन में दिलीप राजभर, जोगिंदर पाल, गणेश पाल, राजू राजभर, हेमंत कन्नौजिया, चंद्रेश पाल, सुग्रीव, मंजू देवी, चंद्रवती, रीता देवी, संतीरा देवी, ममता, अनिता, सुमित्रा, अजोरिया समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।



इस मामले में अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने बताया कि नाली से संबंधित शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जहां नाली निर्माण नहीं हुआ है, वहां प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। धन उपलब्ध होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}