यूपी में कानून-व्यवस्था पर सख्ती: DGP राजीव कृष्ण का बड़ा एक्शन, 5 थाना प्रभारी लाइन हाजिर, 2 डिप्टी एसपी पर जांच

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ।उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए राजीव कृष्ण ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही सामने आने पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पांच थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि दो डिप्टी एसपी (सीओ ट्रैफिक) के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेशभर के पुलिस अधिकारी जुड़े। बैठक में पुलिस कमिश्नर, एडीजी ज़ोन, आईजी/डीआईजी रेंज तथा सभी जिलों के एसएसपी/एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि पांच थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई।
लाइन हाजिर किए गए थाना प्रभारियों में वाराणसी कमिश्नरी के चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार, गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना प्रभारी विष्णुकांत तिवारी, बाराबंकी जिले के रामसनेही घाट थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शुक्ला तथा जौनपुर जिले के सिकरारा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बाराबंकी के सीओ ट्रैफिक आलोक कुमार पाठक और जौनपुर के सीओ ट्रैफिक गिरेंद्र कुमार सिंह के विरुद्ध भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
डीजीपी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्ती से जिम्मेदारी निभाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।



