प्रभु यीशु आज आधी रात को जन्म लेंगे :क्रिसमस के रंग में डूबा गोरखपुर
हर्षोंदय टाइम्स -सतीश शुक्ला (गोरखपुर)
गोरखपुर में क्रिसमस को लेकर जश्न का माहौल है। कल यानी कि 25 दिसंबर को पूरे देश में क्रिसमस का पर्व मनाया जाएगा। इसे लेकर शहर भर में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मसीही समुदाय के घरों और चर्च रंग-बिरंगे झालरों से जगमग हो चुके हैं।
प्रभु याीशु की सजाई गई खूबसूरत झांकी
वहीं, आज शनिवार की आधी रात प्रभु यीशु का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सेंट जोसेफ चर्च सिविल लाइंस में मां मरियम का मंदिर आकर्षक रूप से सजाया गया है। सामने चरनी का निर्माण किया गया है।
इसके पीछे गौशाला है, जहां पशुओं के साथ चरवाहे हैं, स्वर्ग दूत एंजेल की भी तस्वीर बनाई गई हैं। साथ ही स्वर्ग दूतों के बीच में बाल रूप प्रभु यीशु मसीह की झांकी एक टोकरी में रखी गई है। इसके साथ प्रभु यीशु के जन्मोत्वस का जगह- जगह चर्चों में मंचन भी चल रहा है।मसीही समुदाय के घरों और चर्च रंग-बिरंगे झालरों से जगमग हो चुके हैं।
इन चर्चों को भी सजाया गया
जबकि, सेंट मार्क चर्च, स्टैनपुर, पादरी बाजार, सेंट जॉन चर्च, बशारतपुर, क्राइस्ट चर्च – शास्त्री चौक, एंड्रयूज चर्च- कौवा बाग, सेंट थॉमस चर्च- धर्मपुर, मसीही कलीसिया- खरैया पोखरा, पीस टर्बिनिकल चर्च- मयूर विहार, फुल गोस्पेल चर्च- मोती पोखरा, सैंट एंथोनी चर्च -धर्मपुर आदि चर्च भी रंग-बिरंगी रौशनी से जगमगा रहे हैं।
विशेष प्रार्थना सभाएं होंगी
मान्यता के अनुसार प्रभु यीशु मसीह का जन्म 25 दिसंबर के पहले पहर अर्थात 24 दिसंबर की मध्य रात्रि 12 से तीन के बीच हुआ था। इसलिए इस दिन रात के 12 बजते ही गिरजाघरों में प्रभु आगमन की खुशी में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाती हैं। दूसरे दिन 25 दिसंबर को क्रिसमस का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है।
क्रिसमस पर सजे बाजार
क्रिसमस के मद्देनजर शनिवार को बाजारों में रौनक दिखी। शहर के गोलघर, रेती चौक, आजाद चौक, बशारतपुर, रेलवे स्टेशन सहित तमाम मसीही मोहल्लों में दुकानों को सजाया गया है। चॉकलेट, कैंडी गिफ्ट, क्रिसमस केक की खरीदारी के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।