गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के धरने पर पुलिस की कथित दबंगई, धमकी का वीडियो वायरल

चौकी इंचार्ज बोले—“इतनी फोर्स बुलाऊंगा, ठंडा कर दूंगा, गोरखपुर पुलिस है”
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे छात्रों और पुलिस के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में एक पुलिस अधिकारी छात्रों से कथित तौर पर सख्त लहजे में बातचीत करते हुए उन्हें फोर्स बुलाने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में अधिकारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “बता दे रहा हूं, इतनी फोर्स बुलाऊंगा, ठंडा कर दूंगा। गोरखपुर पुलिस है मैं।” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के रवैये को लेकर छात्र संगठनों और सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर परिसर में धरने पर बैठे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और छात्रों के बीच बातचीत के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों के साथ विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने के दौरान उन्हें दबाव में लेने का प्रयास किया गया। छात्रों का कहना है कि अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना उनका अधिकार है और पुलिस द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है।
वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में गोरखपुर पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से फिलहाल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस विभाग वायरल वीडियो और लगाए जा रहे आरोपों पर क्या रुख अपनाता है।



