उत्तर प्रदेशगोरखपुर

गोरखपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन करंट से तीन की मौत, कई झुलसे


डीजे का लोहे का पाइप 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराया, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत से मचा कोहराम


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


गोरखपुर में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के रजही चौराहे के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन बिजली की चपेट में आ गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकले थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे जुलूस रजही चौराहे के पास पहुंचा। इसी दौरान ट्रॉली पर लगे डीजे सेटअप का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में करंट उतर गया और उस पर सवार लोग उसकी चपेट में आकर झुलसने लगे।


अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद झुलसे लोगों को आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक मौसेरा भाई शामिल बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए।


हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विसर्जन जुलूस के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}